रसड़ा में दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट का आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय भेजा गया
नौकरी दिलाने के नाम पर रसड़ा पहुंचने के बाद युवती ने लगाया था जबरदस्ती संबंध बनाने का आरोप
बलिया। रसड़ा थाना पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान विवेक भारती उर्फ छोटू पुत्र नारायण राम, निवासी कुशहा बुजुर्ग, थाना रसड़ा, जनपद बलिया के रूप में हुई है। पुलिस ने बुधवार को सिंघागर घाट से उसे गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में दिल्ली के विकासपुरी पश्चिम थाने से प्राप्त जीरो एफआईआर के आधार पर 27 सितंबर 2026 को रसड़ा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया था कि वह अपनी सहेली के साथ नौकरी की तलाश में रसड़ा पहुंची थी। सहेली ने उसे विवेक नाम के अपने परिचित के बारे में बताया था, जो आर्केस्ट्रा में काम करता था और नौकरी दिलाने में मदद करने की बात कही गई थी।
पीड़िता के मुताबिक, रसड़ा के नदौली बाजार में किराये पर कमरा लेने के एक-दो दिन बाद विवेक वहां पहुंचा और कथित तौर पर उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाए। बाद में एनजीओ के लोग पीड़िता को अपने साथ ले गए। पीड़िता ने उन्हें घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसे रसड़ा थाने लाया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर को उपनिरीक्षक अवनीश त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सिंघागर घाट पर मौजूद है और कहीं जाने की फिराक में है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोपहर करीब 12:50 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 313/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(M), 65(1), 115(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5L/6 में मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।



