अब बदली-बदली नजर आएगी बलिया कलेक्ट्रेट की तस्वीर, आधुनिक सुविधाओं से होगा कायाकल्प
बलिया। जिले के प्रशासनिक मुख्यालय कलेक्ट्रेट को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की तैयारी शुरू हो गई है। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देशन में कलेक्ट्रेट परिसर के सुंदरीकरण और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। इस पहल का उद्देश्य परिसर को आकर्षक बनाने के साथ ही यहां आने वाले आम नागरिकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।
योजना को प्रभावी रूप देने के लिए अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। सीआरओ गुलशन, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे और जिला प्रोबेशन अधिकारी अमरेंद्र पोत्स्यायन सहित अन्य अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया। इस दौरान गंगा बहुद्देशीय सभागार, ड्रामा हॉल और कलेक्ट्रेट कॉलोनी की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।
कला और आधुनिकता का दिखेगा संगम
कलेक्ट्रेट परिसर में रंगीन इंटरलॉकिंग लगाने तथा दीवारों पर मधुबनी पेंटिंग के माध्यम से सौंदर्य बढ़ाने की योजना है। इसके साथ ही वर्षा जल संचयन के लिए वाटर हार्वेस्टिंग, बेहतर जल निकासी, व्यवस्थित पार्किंग और हरियाली बढ़ाने के लिए पौधारोपण जैसे कार्यों को भी कार्ययोजना में शामिल किया गया है।
फरियादियों को मिलेगी राहत, परिसर होगा व्यवस्थित
कलेक्ट्रेट जिले की प्रशासनिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में फरियादी और आम नागरिक अपने कामकाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में परिसर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रस्तावित कार्यों के पूरा होने से कलेक्ट्रेट को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के साथ नागरिकों के लिए सुविधाजनक वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।
अब देखना होगा कि तैयार कार्ययोजना के तहत सुंदरीकरण के कार्य कब शुरू होते हैं और बलिया कलेक्ट्रेट को आधुनिक स्वरूप देने की यह पहल कब धरातल पर उतरती है।



