दशहरा मेले में चोरी हुए ई-रिक्शा का खुलासा, दो गिरफ्तार
बलिया। दशहरा मेले में ई-रिक्शा चोरी के मामले का कोतवाली पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर बांसडीह थाना क्षेत्र के शिवरामपुर चट्टी स्थित कबाड़ी की दुकान से चोरी किए गए ई-रिक्शा के कटे हुए पुर्जे बरामद किए हैं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के हरपुर पुरानी बस्ती निवासी विक्रम चौहान 20 अक्टूबर की शाम अपने परिवार के साथ दशहरा मेला घूमने रामलीला मैदान गए थे। उन्होंने अपना ई-रिक्शा मैदान के पीछे वाले गेट के पास खड़ा किया था। मेला घूमकर लौटने पर ई-रिक्शा गायब मिला। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने 28 अक्टूबर को कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इसी क्रम में 29 अक्टूबर की रात मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक अजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नीरज बिंद निवासी बहेरी को बलिया रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से रात करीब 3:10 बजे गिरफ्तार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर कथित रूप से चोरी का ई-रिक्शा खरीदने वाले कबाड़ी जुम्मन को शिवरामपुर चट्टी स्थित उसकी दुकान से सुबह करीब 4:10 बजे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, चोरी करने के बाद नीरज ई-रिक्शा को शिवरामपुर ले गया था और उसे कबाड़ी जुम्मन को बेच दिया था। कबाड़ी की दुकान से ई-रिक्शा की बॉडी, चेचिस नंबर अंकित कटा हुआ मुख्य चेचिस, एक मोटर, सामने का शीशा, दो कटी हुई छतरियां और पीछे का कटा हुआ स्टैंड बरामद किया गया।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 317(2) के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया।



