कलेक्ट्रेट में गूंजी राष्ट्रीय एकता की शपथ, डीएम ने सरदार पटेल को किया नमन
बलिया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और अधिकारियों व कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इस दौरान डीएम ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से 565 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर मजबूत भारत की नींव रखी। उनका जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण और एकता की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी से आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



