पांच गोवंश को वाहन में बांधकर ले जाने के मामले में दो गिरफ्तार
बलिया। गो-तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नरही पुलिस ने सोमवार को दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों की गिरफ्तारी शिवगंगा ढाबे के पास नहर पुलिया से की गई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, बीते 30 अक्टूबर को उपनिरीक्षक शशांक पाण्डेय पुलिस टीम के साथ कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान गो-तस्करी के लिए ले जाए जा रहे वाहन संख्या UP61CT7641 को कब्जे में लिया गया। वाहन में पांच गोवंश मिले, जिन्हें कथित तौर पर क्रूरतापूर्वक बांधकर रखा गया था। इस मामले में नरही थाने में मुकदमा अपराध संख्या 190/2026 दर्ज किया गया था। इसमें गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/8 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत कार्रवाई की गई।
मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही पुलिस मामले में शामिल वांछित आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में सोमवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष नरही के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुख्तार खान पुत्र स्वर्गीय भोलू खान, निवासी नोनहरा, थाना नोनहरा, जनपद गाजीपुर तथा सुनील वर्मा पुत्र स्वर्गीय प्रकाश चन्द्र वर्मा, निवासी झुमरी की बारी, जमसड़ा, थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सुनील वर्मा संबंधित वाहन का संचालक है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया।



