बलिया में पुलिस मुठभेड़ में हत्या के प्रयास का आरोपी घायल, पैर में लगी गोली
बलिया। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार तड़के दुबहड़ थाना पुलिस की हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्यपाल उर्फ अश्वनी कुमार पुत्र विशाल पासी, निवासी ग्राम सिहोरी, थाना नंदगंज, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। वह दुबहड़ थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित था।
पुलिस के मुताबिक, 2 नवंबर को आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर असलहा बरामद करने के लिए पुलिस टीम उसे लेकर जा रही थी। इसी दौरान धरनीपुर मोड़ के पास सुबह करीब 4:55 बजे आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर को चंदवक गांव के बाहर वादी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाने के मामले में आरोपी की तलाश की जा रही थी। घटना के बाद वह अपने साथी सचिन और विवेक उर्फ अशोक के साथ फरार हो गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई के दौरान .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट ने साक्ष्य संकलन किया। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



