कुशहर मारपीट कांड में पुलिस की एक और कार्रवाई, चौथा आरोपी गिरफ्तार
बलिया। सहतवार पुलिस ने कुशहर गांव में हुई मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मनोज उर्फ मुन्ना वर्मा को सहतवार तिराहे से सोमवार को हिरासत में लिया। इस प्रकरण में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
मामले की शुरुआत 30 अक्टूबर को हुई थी, जब कुशहर निवासी विजयशंकर वर्मा ने सहतवार थाने में तहरीर देकर गांव के कुछ लोगों पर उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया था। तहरीर के मुताबिक, घर के पास त्रिपाल की झोपड़ी में भैंस बांधने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि कुछ लोग झोपड़ी में तोड़फोड़ करने लगे और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए थे।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 220/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। इसी क्रम में सोमवार, 2 नवंबर को पुलिस ने मनोज उर्फ मुन्ना वर्मा (44), पुत्र स्वर्गीय सुरेश वर्मा, निवासी ग्राम कुशहर को सुबह करीब 11:50 बजे सहतवार तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 3(5), 109(1), 115(2), 324(2), 352 और 351(3) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।



