बलिया में बोर्ड परीक्षा के 131 केंद्रों की होगी समीक्षा, तीन दिन में मांगी गई रिपोर्ट
बलिया। यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 को लेकर जिले में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया अभी पूरी तरह अंतिम नहीं हुई है। प्रशासन अब प्रस्तावित केंद्रों की उपयोगिता और व्यवस्था की समीक्षा करेगा। जांच के बाद केंद्रों की मौजूदा संख्या में बढ़ोतरी या कमी भी की जा सकती है।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति की बैठक हुई। इसमें बताया गया कि आगामी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में कुल 131 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर करीब एक लाख 12 हजार परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में किसी तरह की कमी न रहे, इसके लिए सभी उपजिलाधिकारी अपने-अपने तहसील क्षेत्रों में केंद्रों की स्थिति का जायजा लें। निरीक्षण के दौरान यदि कोई विद्यालय केंद्र बनाए जाने के योग्य हो अथवा पहले से निर्धारित किसी केंद्र को हटाने या उसमें बदलाव की जरूरत हो तो उसका प्रस्ताव कारण सहित दिया जाए।
डीएम ने सभी एसडीएम को तीन दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर जिला स्तर पर प्रस्ताव तैयार कर यूपी बोर्ड को भेजा जाएगा। बैठक में परीक्षा केंद्रों के चयन में पारदर्शिता और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


