फावड़े के हमले से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत, दो आरोपी गिरफ्तार
बलिया। जमीन के विवाद ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। भीमपुरा थाना क्षेत्र के आरीपुर सरयां गांव में करीब दो सप्ताह पहले हुई मारपीट में घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने नामजद चार आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को चार नवंबर को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि 19 अक्टूबर को जमीन विवाद को लेकर अनिल कुमार, मनीष, अवनीश और राधेश्याम ने एकजुट होकर वादी के पिता पर फावड़े से हमला किया था। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही अचेत हो गए थे। उनका उपचार चल रहा था, लेकिन तीन नवंबर को सुबह करीब नौ बजे उनकी मौत हो गई।
मामले में भीमपुरा थाने पर मुकदमा संख्या 175/2026 के तहत बीएनएस की धारा 105 और 3(5) में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
इसी क्रम में उपनिरीक्षक रवि वर्मा की टीम ने गुरुवार को कसेसर बाजार के पास से अनिल कुमार (40) और राधेश्याम (35), दोनों पुत्र स्वर्गीय टेंगरी निवासी आरीपुर सरयां को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी विवेचना की जा रही है।

