वृद्धावस्था पेंशन पाने में बलिया प्रदेश में छठे स्थान पर, 1.68 लाख बुजुर्गों को मिल रहा लाभ
बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार की वृद्धावस्था पेंशन योजना बुजुर्गों के लिए आर्थिक संबल बन रही है। समाज कल्याण विभाग की ओर से प्रदेश के सभी 75 जनपदों में 67.50 लाख पात्र बुजुर्गों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की पेंशन दी जा रही है। लाभार्थियों की संख्या के मामले में बलिया ने प्रदेश में छठा स्थान हासिल किया है।
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक बलिया जिले में कुल 1,68,241 बुजुर्ग इस योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। वहीं जौनपुर 2,24,345 लाभार्थियों के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर है। आजमगढ़ 1,97,129 लाभार्थियों के साथ दूसरे और गोरखपुर 1,72,917 लाभार्थियों के साथ तीसरे स्थान पर है।
प्रदेश के शीर्ष दस जिलों में गाजीपुर चौथे, हरदोई पांचवें, बलिया छठे, प्रयागराज सातवें, प्रतापगढ़ आठवें, कुशीनगर नौवें और अम्बेडकर नगर दसवें स्थान पर है।
सरकार के अनुसार वृद्धजनों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए योजना का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इसके लिए समाज कल्याण विभाग लाभार्थियों के सत्यापन की प्रक्रिया भी तेजी से चला रहा है।
समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि प्रदेश सरकार बुजुर्गों की आर्थिक सुरक्षा को लेकर संवेदनशील है। प्रदेश के 67.50 लाख वृद्धजनों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की पेंशन उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बेहतर समन्वय के साथ काम करने वाले शीर्ष दस जनपदों के प्रदर्शन को सराहनीय बताया।

