बलिया में अवैध उपखनिज परिवहन पर खनन विभाग का बड़ा एक्शन, 16 वाहन सीज; ₹8.50 लाख जुर्माना वसूला
बलिया: जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के बाद जनपद में अवैध खनन और उपखनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 वाहनों को सीज कर दिया। विभागीय जांच में खुलासा हुआ कि वाहन संचालक उत्तर प्रदेश के आईएसटीपी (ISTP) प्रपत्रों का दुरुपयोग कर अवैध रूप से उपखनिजों का परिवहन कर रहे थे, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा था।
खनन विभाग की टीम ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान सभी 16 वाहनों को पकड़कर तत्काल सीज करते हुए उनका चालान किया। उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) नियमावली के तहत संबंधित वाहन स्वामियों पर लगभग ₹8.50 लाख का अर्थदंड एवं शमन शुल्क लगाया गया। विभाग ने कार्रवाई के दौरान पूरी धनराशि की मौके पर ही वसूल भी कर ली।
खनन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन, बिना वैध आईएसटीपी (ISTP) प्रपत्रों के खनिज परिवहन तथा राजस्व चोरी के मामलों में आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


