नि:शुल्क महा स्वास्थ्य शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 1250 मरीजों का हुआ परीक्षण
बलिया। बाबा रामदल सूरजदेव हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के तत्वावधान में शुक्रवार को गांधी पार्क, रसड़ा में आयोजित नि:शुल्क महा स्वास्थ्य शिविर में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शिविर का शुभारंभ सुभासपा के प्रदेश महासचिव एवं रसड़ा विधानसभा पर्यवेक्षक शिवेन्द्र बहादुर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर शिवेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि जनसेवा ही उनका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने घोषणा की कि रसड़ा ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद बलिया में सड़क दुर्घटना के शिकार लोगों को अस्पताल की ओर से हरसंभव नि:शुल्क चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविर में क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अपराह्न तक करीब 1250 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क परामर्श एवं दवाइयां वितरित की गईं।
शिविर में डॉ. शाहनवाज अहमद, डॉ. सुखवेन्द्र पाल सिंह, डॉ. अभिषेक सिंह, डॉ. उमाशंकर वर्मा, डॉ. आशुतोष सिंह, डॉ. अंकित सोनकर सहित अन्य चिकित्सकों एवं फार्मासिस्टों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
कार्यक्रम में सुभासपा के कोषाध्यक्ष रुद्रप्रताप सिंह, मुकेश सिंह, अजय प्रताप सिंह, अतुल विक्रम सिंह, सुशीला राजभर, अशोक सिंह, ग्राम प्रधान पटना राजेश, विजय शंकर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुभासपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश राजभर ने किया।


