नाबालिग के अपहरण और पॉक्सो केस का आरोपी बिहार से गिरफ्तार, ट्रांजिट रिमांड पर लाई पुलिस
बलिया। नाबालिग के अपहरण और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में फरार चल रहे आरोपी को फेफना पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बलिया लाकर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय कुमार वर्मा, क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार तथा थानाध्यक्ष फेफना अखिलेश चन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना फेफना क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की के लापता होने पर परिजनों की तहरीर के आधार पर अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान आरोपी की तलाश जारी थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आदित्य गुप्ता (29 वर्ष), निवासी सिमराही, थाना राघोपुर, जिला सुपौल (बिहार) को उसके घर से गिरफ्तार किया। इसके बाद वीरपुर (सुपौल) न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर आरोपी को बलिया लाया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया।



