तिलक की खुशियां मातम में बदलीं: दोस्तों ने सीने में मारी गोली, मचा हड़कम्प
बलिया। सहतवार थाना क्षेत्र के महादनपुर में तिलक समारोह उस समय दहशत में बदल गया, जब आपसी कहासुनी के बाद एक युवक को उसके ही दोस्तों ने गोली मार दी। समारोह में मौजूद लोगों के बीच अचानक चली गोली से अफरा-तफरी मच गई और खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया।
घायल युवक अरुण यादव निवासी महाराजपुर ने पुलिस को बताया कि तिलक समारोह के दौरान किसी बात को लेकर उसके दोस्त रितेश पासवान और अमित कुमार राम से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों ने उस पर फायरिंग कर दी, जिससे गोली उसके सीने में जा लगी।
सूचना मिलते ही सहतवार पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रितेश पासवान को हिरासत में ले लिया। वहीं, दूसरे आरोपी अमित कुमार राम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
घायल अरुण यादव का इलाज मऊ के अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल सामान्य है और उसके साथ पुलिस बल भी तैनात है।
परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।



