बलिया में हादसों पर लगाम की तैयारी, डीएम ने ब्लैक स्पॉट और खटारा स्कूल बसों पर कसा शिकंजा
बलिया। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ने साफ कहा कि अब दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट और एक्सीडेंटल जोन की पहचान कर वहां विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।
डीएम ने आरटीओ को निर्देश दिए कि पिछले दो वर्षों में सबसे अधिक हादसों वाले स्थानों का तत्काल चिन्हांकन किया जाए। इन स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और सीसीटीवी कैमरे लगाने की कार्ययोजना भी तैयार की जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
स्कूल वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ने जिले के सभी स्कूलों की बसों का सर्वे कर संचालन योग्य और मानकों पर खरा न उतरने वाली बसों की अलग-अलग सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। डीएम ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है और यातायात नियमों का पालन ही दुर्घटनाओं को कम करने का सबसे प्रभावी उपाय है।



