हर बूथ की होगी ‘ग्राउंड रिपोर्ट’, फोटो के बिना नहीं मानी जाएगी सत्यापन रिपोर्ट
बलिया। जिले में मतदान केंद्रों के पुनर्गठन को लेकर प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अब कागजों पर नहीं, बल्कि मौके पर जाकर बूथों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। बिना फोटो के कोई भी सत्यापन रिपोर्ट स्वीकार नहीं होगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने सभी एसडीएम को निर्देश दिया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर स्वयं जाकर निरीक्षण करें। बूथ तक पहुंचने वाली सड़क, भवन की स्थिति, बिजली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चार पहिया वाहन की पहुंच, भवन की क्षमता और सुरक्षा जैसे सभी बिंदुओं का गहन परीक्षण किया जाए। निरीक्षण के दौरान बूथ पर खड़े होकर एक फोटो तथा भवन के चार अलग-अलग कोणों से तस्वीरें रिपोर्ट के साथ संलग्न करना अनिवार्य होगा।
डीएम ने कहा कि मतदान केंद्रों का पुनर्गठन निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप किया जाए और प्रत्येक बूथ पर अधिकतम 1200 मतदाता ही हों। किसी भी बूथ को समाप्त करने के बजाय मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव लेने के बाद ही अंतिम प्रस्ताव तैयार किया जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे। उन्होंने दो टूक कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में लापरवाही या मनमानी किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी।



