डीएम के छापे से नगर पालिका में मचा हड़कंप, 14 कर्मचारियों की गैरहाजिरी पर वेतन काटने का आदेश
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह के औचक निरीक्षण ने नगर पालिका परिषद की कार्यशैली की पोल खोल दी। कार्यालय में गंदगी, अव्यवस्थित फाइलें, खराब बायोमेट्रिक मशीन और 14 कर्मचारियों की गैरहाजिरी मिलने पर डीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके पर ही सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के आदेश दे दिए।
निरीक्षण के दौरान कर अनुभाग में नगर पालिका की संपत्तियों का रजिस्टर जर्जर हालत में मिला। इस पर संबंधित बड़े बाबू को कड़ी फटकार लगाते हुए डीएम ने दो दिनों के भीतर नगर पालिका की सभी संपत्तियों की अद्यतन सूची प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
बायोमेट्रिक मशीन खराब मिलने पर संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि एक सप्ताह के भीतर नई बायोमेट्रिक मशीन लगाई जाए और सभी अधिकारी-कर्मचारी समय से उपस्थिति दर्ज करना सुनिश्चित करें।
कार्यालय की अव्यवस्था तक ही मामला सीमित नहीं रहा। शहर में जगह-जगह फैले कूड़े पर भी डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और नगर पालिका अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगली बार कार्यालय में गंदगी मिली तो संबंधित कर्मचारियों का वेतन काटकर उसी पैसे से सफाई कराई जाएगी।
डीएम ने दो टूक कहा कि लापरवाही अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। यदि सफाई व्यवस्था और कार्यशैली में जल्द सुधार नहीं हुआ तो शासन को रिपोर्ट भेजकर कड़ी कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।



