सोशल मीडिया पोस्ट के बाद बढ़ीं मुश्किलें, अब प्रशासन ने भी कसा शिकंजा; बलिया का प्रिंस जिम सील
बलिया। सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में जेल जा चुके जिम संचालक की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब जिला प्रशासन ने भी कार्रवाई करते हुए गड़वार रोड के निराला नगर स्थित बेसमेंट में संचालित प्रिंस जिम को सील कर दिया।
सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम के नेतृत्व में पहुंची प्रशासनिक टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए जिम पर सील लगा दी। कार्रवाई के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में इस कार्रवाई की चर्चा होती रही।
जानकारी के अनुसार, जिम संचालक को सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। इसके बाद प्रशासन ने बेसमेंट में संचालित जिम के खिलाफ कार्रवाई की।
प्रशासन ने फिलहाल सीलिंग कार्रवाई का विस्तृत कारण सार्वजनिक नहीं किया है। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और क्या इसी प्रकार के अन्य मामलों में भी प्रशासन समान कार्रवाई करता है।



