नागपुर की लाठी पूजा में दिखा शक्ति प्रदर्शन! हजारों श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे भाजपा नेता प्रवीण सिंह
बलिया। नागपुर स्थित ऐतिहासिक श्री नाथ बाबा धाम में चल रही विश्व प्रसिद्ध लाठी पूजा के दौरान उस समय राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई, जब भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रवीण सिंह हजारों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ आयोजन में पहुंचे। उनके पहुंचते ही समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया और पूरा परिसर जयघोष से गूंज उठा।
प्रवीण सिंह ने श्री नाथ बाबा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और लाठी पूजा की ऐतिहासिक परंपरा को नमन किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का नहीं, बल्कि वीरता, स्वाभिमान और भारतीय संस्कृति की पहचान है। सदियों पुरानी इस परंपरा को संरक्षित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
लाठी पूजा के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात की, मंदिर की परिक्रमा की और पारंपरिक लाठी कला का प्रदर्शन भी देखा। उनके साथ मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी आयोजन में सक्रिय भागीदारी की।
इस दौरान प्रवीण सिंह ने कहा कि नागपुर की लाठी पूजा विश्व में अपनी अलग पहचान रखती है और इसे राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पहचान दिलाने की जरूरत है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए श्रद्धालुओं की आस्था को नमन किया।
भाजपा नेता की मौजूदगी को लेकर पूरे आयोजन में राजनीतिक चर्चाएं भी तेज रहीं। हालांकि श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण बाबा के दर्शन और ऐतिहासिक लाठी पूजा ही रही, लेकिन प्रवीण सिंह के आगमन ने आयोजन की चर्चा को और भी सुर्खियों में ला दिया।



