दुष्कर्म, पॉक्सो व एससी/एसटी एक्ट के वांछित आरोपी को रेवती पुलिस ने किया गिरफ्तार
बलिया। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रेवती पुलिस ने दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट एवं एससी/एसटी एक्ट से जुड़े मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बैरिया क़े नेतृत्व में थाना रेवती पुलिस को यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 को प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना रेवती में दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट एवं एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान वांछित आरोपी की तलाश की जा रही थी।
थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त एवं वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान रविवार को खेदन चौराहा के समीप रेलवे क्रॉसिंग के पास से वांछित आरोपी कनक सोनी उर्फ माखन सोनी (19 वर्ष) निवासी वार्ड संख्या-3, कस्बा एवं थाना रेवती को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध मुकदमा संख्या 195/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS), एससी/एसटी एक्ट तथा पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की विधिक कार्रवाई की गई।



