मारपीट के बाद गैर-इरादतन हत्या मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, दो बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में
बलिया। सुखपुरा थाना पुलिस ने मारपीट के बाद गैर-इरादतन हत्या के एक मामले में कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा एवं क्षेत्राधिकारी नगर सतीश शर्मा के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष रत्नेश कुमार दुबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना सुखपुरा में दर्ज मुकदमा संख्या 144/2026, धारा 105 एवं 352 बीएनएस की विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने हरिपुर नहर से करमपुर जाने वाले मार्ग स्थित पुलिया के पास से दो वांछित अभियुक्तों और दो बाल अपचारियों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोला राजभर (65) एवं राजेश राजभर (45) निवासी भरतपुरा, थाना सुखपुरा के रूप में हुई है। दोनों के साथ 17 वर्ष और 15 वर्ष के दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस ने सभी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।



