अपहरण व दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार
बलिया। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रेवती थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अपहरण एवं दुष्कर्म से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। दोनों मामलों में पीड़िताएं नाबालिग हैं और आरोपियों के विरुद्ध पॉक्सो अधिनियम के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बैरिया के नेतृत्व में रेवती थाना पुलिस क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश और लंबित विवेचनाओं के निस्तारण के लिए अभियान चला रही थी। इसी दौरान थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया।
पहले मामले में वर्ष 2025 में दर्ज अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट से संबंधित मुकदमे में वांछित अखिलेश कुमार (20 वर्ष), निवासी उजियार भरौली, थाना नरही को खेदन चौराहा-गायघाट के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश की जा रही थी।
वहीं दूसरे मामले में वर्ष 2026 में दर्ज अपहरण, दुष्कर्म, धमकी तथा पॉक्सो एक्ट से जुड़े मुकदमे में वांछित बुन्नू उर्फ अभिषेक कुमार साहनी (19 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर-4, कस्बा रेवती, को दिमागी चट्टी, कस्बा रेवती के पास से गिरफ्तार किया गया।
रेवती थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया, जहां से आगे की कार्रवाई की जाएगी।



