
48 घंटे में खुलासा: चोरी की बाइक के साथ शातिर चोर गिरफ्तार
बलिया। कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में 13 जून को घर के बाहर खड़ी ग्लैमर मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की बाइक के साथ आरोपी गांधी नगर रेलवे क्रॉसिंग के आसपास मौजूद है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक सौरभ कुमार सिंह और उनकी टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज किशोर यादव उर्फ नान्हक यादव निवासी पिपरा थाना दुबहड़ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई ग्लैमर मोटरसाइकिल (UP60Z7915) बरामद कर ली गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया है। वहीं, बरामद मोटरसाइकिल को उसके मालिक को सुपुर्द किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।






