
26 गोवंश के साथ गौ-तस्करी का भंडाफोड़, फेफना पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपी दबोचे
बलिया। जनपद में गौ-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फेफना पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में 26 गोवंशीय पशुओं को मुक्त कराते हुए एक बाल अपचारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे छह वाहनों को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चल रहे अभियान के दौरान मंगलवार देर रात एसओजी टीम को सूचना मिली कि कई वाहन गोवंशीय पशुओं को लादकर सागरपाली की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही फेफना पुलिस सक्रिय हुई और वयना रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी कर वाहनों को रोक लिया। पुलिस को देखते ही कुछ तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि दो आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान छह वाहनों से 17 गाय तथा 9 बछड़ा-बछिया सहित कुल 26 गोवंशीय पशु बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में शनि अंसारी निवासी बयासी थाना दुबहड़ तथा एक बाल अपचारी शामिल है। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए बुधवार को एक अन्य आरोपी रिकीत कुमार उर्फ रितिक निवासी कोट अजोरपुर थाना नरही को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है। वहीं, बरामद वाहनों के दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर सभी छह वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई को जनपद में गौ-तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।






