संविधान के मूल्यों से रूबरू हुए जयपुरिया स्कूल के विद्यार्थी, प्रस्तावना का किया सामूहिक वाचन
बलिया । संविधान दिवस पर सेठ एम. आर. जयपुरिया स्कूल में आयोजित विशेष प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का हिंदी और अंग्रेजी में सामूहिक वाचन कर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। सभा में संविधान के महत्व पर विद्यार्थियों ने विचार भी साझा किए।
प्रधानाचार्य संजीव सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक और संवेदनशील इंसान बनना भी है। दूसरों के प्रति सम्मान, अनुशासन और सत्य के साथ खड़े रहने की भावना जीवन में बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि अधिकार व्यक्ति को स्वतंत्रता देते हैं, वहीं कर्तव्य उसे जिम्मेदार बनाते हैं। इसी क्रम में विद्यालय की सभी कक्षाओं में संविधान आधारित प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों को संविधान के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में समानता, स्वतंत्रता, आपसी भाईचारे, धार्मिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता के संस्कार विकसित करने का संदेश दिया गया।



