बलिया के 32 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र, डीएम ने बस को दिखाई हरी झंडी
बलिया। जिले के 32 चयनित अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र दिलाने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से बस को हरी झंडी दिखाकर लखनऊ रवाना किया। चयनित अभ्यर्थियों को शुक्रवार को मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय की परीक्षा में बलिया के 32 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। इनमें 4 ऑडिटर और 28 असिस्टेंट अकाउंटेंट शामिल हैं। सभी चयनित अभ्यर्थी नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के लिए लखनऊ रवाना हुए।
इस अवसर पर डीएम ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे पूरी मेहनत, ईमानदारी और लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी अभ्यर्थी अपनी कार्यक्षमता और कर्तव्यनिष्ठा से विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ाएंगे।
इस दौरान सीडीओ आलोक कुमार, चेयरमैन संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



