कार्तिक पूर्णिमा पर प्रशासन की नजर, श्रीरामपुर घाट पहुंचे डीएम-डीआईजी और एसपी
बलिया। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और घाटों पर व्यवस्थाओं को परखने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, डीआईजी सुनील कुमार सिंह और एसपी डॉ. ईराज राजा ने श्रीरामपुर घाट पहुंचकर औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट की स्थिति, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्नान पर्व से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े।
उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को घाट पर स्वच्छता, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
प्रशासन श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए स्नान पर्व को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में जुटा है।


