पुलिस की पाठशाला में एसपी ने छात्र-छात्राओं को किया जागरूक, महिला सुरक्षा से लेकर साइबर अपराध तक दी जानकारी
बलिया। सागरपाली स्थित आरके मिशन स्कूल में गुरुवार को पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें कानून, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ कानून की जानकारी होना भी जरूरी है, ताकि विद्यार्थी अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझ सकें।
एसपी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें। किसी भी प्रकार की परेशानी या असामाजिक तत्वों द्वारा बाधा उत्पन्न किए जाने पर डरने के बजाय पुलिस की मदद लें। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, अनुशासन और आपसी सहयोग के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
महिला सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता के लिए 112, 1090, 181, 1076, 1098 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साइबर अपराध के प्रति सचेत करते हुए एसपी ने कहा कि ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट को बिना सत्यापन साझा करने से बचें।
विशेष यातायात माह एवं सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाने के साथ हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व को समझाया गया। एसपी ने कहा कि तेज रफ्तार, लापरवाही और वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन अपनी जिम्मेदारी समझकर करना चाहिए।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी लाइन/यातायात मंजरी राव, प्रभारी निरीक्षक फेफना मनोज कुमार पाण्डेय, विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण मौजूद रहे।



