गैंगस्टर एक्ट में दुबहड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो अभियुक्तों की दो बाइक जब्त
बलिया। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलिया पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। थाना दुबहड़ पुलिस टीम ने दो अभियुक्तों के आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन से खरीदे गए दो दोपहिया वाहनों को जब्त कर लिया है। दोनों वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना सुखपुरा में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 96/2026 धारा 2/3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट की विवेचना थानाध्यक्ष दुबहड़ द्वारा की जा रही है। विवेचना के क्रम में सामने आया कि अभियुक्तों ने आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धनराशि से दोपहिया वाहन खरीदे थे।
जब्त किए गए वाहनों का संबंध अभियुक्त पतरू नट पुत्र तूफानी नट और रुदल नट पुत्र तूफानी नट, निवासी नकहरा, थाना गड़वार, जनपद बलिया से है।
पुलिस अधीक्षक बलिया डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के तहत दोनों वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई की गई।
पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध से अर्जित संपत्तियों पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


