नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में, पीड़िता सकुशल बरामद
बलिया। बांसडीहरोड थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म से जुड़े मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। साथ ही अपहृता पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, बीते 12 सितंबर 2026 को पीड़िता की मां ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव का ही एक व्यक्ति उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल रहा था। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 186/2026 के तहत बीएनएस की धारा 137(2) और 87 में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
विवेचना के दौरान पीड़िता की बरामदगी के बाद उसके बयान के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5L/6 की बढ़ोतरी की गई।
इसी क्रम में बुधवार, 18 नवंबर को उपनिरीक्षक रामाश्रय राव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग और वांछितों की तलाश कर रहे थे। तभी मुखबिर की सूचना पर छितौनी गेट के पास ग्राम छितौनी से सुबह 11:45 बजे मामले से संबंधित बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
- पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर बाल अपचारी को संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए रवाना कर दिया।


