गोवंश तस्करी से अर्जित पिकअप वाहन जब्त, कीमत करीब 6.50 लाख रुपये
बलिया। अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बलिया पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के आदेश पर थाना नरही में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे से संबंधित गैंग सदस्य उमाशंकर यादव की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति एक चार पहिया पिकअप वाहन को जब्त करने की कार्रवाई की गई है। जब्त वाहन की अनुमानित कीमत 6 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना नरही में मु0अ0सं0 24/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धारा 2/3(1) में कृष्णानंद यादव उर्फ मोछू उर्फ किशन यादव, उमाशंकर यादव निवासी भरौली तथा अमरजीत यादव निवासी सोहांव के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान सामने आया कि अभियुक्त उमाशंकर यादव ने कथित तौर पर गोवंशीय पशुओं की तस्करी से अर्जित धन से पिकअप वाहन संख्या UP60BT9151 खरीदा था। वाहन की अनुमानित कीमत करीब 6.50 लाख रुपये आंकी गई।
पुलिस रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी बलिया ने गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उक्त वाहन को जब्त करने का आदेश जारी किया। इसी आदेश के क्रम में वाहन के जब्तीकरण की कार्रवाई की गई।


