फरियादियों और पत्रकारों से दुर्व्यवहार पड़ा भारी, सरायलखंसी थानाध्यक्ष लाइन हाजिर
मऊ। फरियादियों और पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही के आरोपों के बाद पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने सरायलखंसी थानाध्यक्ष घनश्याम यादव को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी जगह राकेश कुमार सिंह को सरायलखंसी थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि थानाध्यक्ष के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस अधीक्षक ने मामले की समीक्षा के बाद प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए उन्हें लाइन हाजिर करने का आदेश जारी किया।
शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि थाने पर आने वाले फरियादियों और पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता था। इसके अलावा शिकायतों के निष्पक्ष निस्तारण के बजाय कथित रूप से धन की मांग किए जाने के भी आरोप लगाए गए थे। इन शिकायतों के आधार पर विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन और मीडिया कर्मियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार तथा शिकायतों का निष्पक्ष निस्तारण विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनहीनता, लापरवाही या दुर्व्यवहार की शिकायत सही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


