बलिया में पुलिस मुठभेड़: 18 मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर गौ-तस्कर पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
बलिया। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने शुक्रवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर एवं कथित शातिर गौ-तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पर 18 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह गौ-तस्करी के मामले में वांछित चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में कोतवाली नगर पुलिस की टीम शिवरामपुर घाट रोड स्थित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना फेफना क्षेत्र में गौ-तस्करी के मामले में वांछित मदन मोहन उर्फ डब्ल्यू उर्फ बबलू यादव काले रंग की स्कॉर्पियो से महावीर घाट की ओर से शिवरामपुर घाट की तरफ आ रहा है।
पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन मोड़कर किनाराम घाट की ओर भागने लगा। पीछा किए जाने पर आरोपी ने वाहन छोड़कर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मदन मोहन उर्फ डब्ल्यू उर्फ बबलू यादव (27 वर्ष), निवासी इच्छा चौबे का पूरा, थाना नरही, जनपद बलिया के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक वह थाना नरही का हिस्ट्रीशीटर है तथा उसके विरुद्ध विभिन्न धाराओं में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं।
घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल, बलिया में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से एक .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की गई है।



