
21 जून को होगी नीट परीक्षा, नकलविहीन आयोजन के लिए प्रशासन अलर्ट
बलिया। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 21 जून को जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में बनाए गए सात परीक्षा केंद्रों पर कुल 480 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा एक पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की सुचारु व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र के भीतर किसी भी अधिकारी, कर्मचारी अथवा अभ्यर्थी को मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए प्रत्येक केंद्र पर क्लॉक रूम की व्यवस्था की जाएगी, जहां परीक्षार्थियों के बैग, मोबाइल फोन एवं अन्य सामान सुरक्षित रखा जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर स्पष्ट चेतावनी बैनर लगाए जाएं, जिन पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रतिबंध संबंधी सूचना अंकित हो। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रत्येक केंद्र पर केवल एक प्रवेश द्वार निर्धारित करने तथा पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं केंद्र व्यवस्थापक पूरी सतर्कता और पारदर्शिता के साथ परीक्षा संपन्न कराएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






