
गो-तस्करी के मुकदमे में फरार आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
बलिया। गो-तस्करी से जुड़े मामले में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को नरही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, गोवध निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे में मऊ जनपद के सरायलखन्सी थाना क्षेत्र निवासी असलम पुत्र निजामुद्दीन की तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन वह हाथ नहीं लग रहा था।
गुरुवार देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रसड़ा क्षेत्र के आमटारी तिराहे पर घेराबंदी की। वहां एक वाहन में अपने परिजनों के साथ मौजूद आरोपी की पहचान होने पर उसे हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ और सत्यापन के बाद उसकी गिरफ्तारी दर्ज की गई।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।






