जानलेवा हमले के मामले में कोतवाली पुलिस ने बाल अपचारी को लिया अभिरक्षा में
बलिया। जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे एक बाल अपचारी को कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को पुलिस अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद किशोर को न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, एक अक्टूबर 2026 को प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 383/2026 दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान 13 नवंबर को उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार विश्वास पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फेफना थाना क्षेत्र के सागरपाली गांव स्थित एक घर से सुबह करीब 11:20 बजे मामले से संबंधित बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में ले लिया।
उक्त मामला बीएनएस की धारा 109(1), 115(2), 351(3), 191(2) और 3(5) के तहत दर्ज है। पुलिस ने किशोर के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय रवाना कर दिया।


