जमीन पर भैंस बांधने को लेकर खूनी संघर्ष, घायल महिला ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के रतसड़ कला में पुश्तैनी जमीन पर भैंस बांधने को लेकर हुए विवाद में एक महिला की जान चली गई। मारपीट की इस घटना में दो महिलाएं घायल हुई थीं, जिनमें एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर की शाम आशा देवी अपनी पुश्तैनी जमीन पर भैंस बांधने गई थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने एकजुट होकर उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर बचाव में पहुंचीं 40 वर्षीय निराशा देवी पत्नी हरेंद्र राजभर को भी हमलावरों ने पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मामले में हीरालाल राजभर की तहरीर पर 12 नवंबर को गड़वार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अभी मामले की विवेचना कर ही रही थी कि घायल निराशा देवी की उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की।
क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में नामजद तीन आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।


