ददरी मेला-2026 की पांच कार्यों की नीलामी कल, यूट्यूब पर होगा सीधा प्रसारण
बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेला-2026 की तैयारियों के बीच जिला प्रशासन ने नीलामी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नई पहल की है। मेले से जुड़े पांच प्रमुख कार्यों के भूमि आवंटन की नीलामी का शुक्रवार, 13 नवंबर को यूट्यूब के माध्यम से सीधा प्रसारण किया जाएगा। इससे आमजन भी घर बैठे नीलामी की पूरी प्रक्रिया देख सकेंगे।
सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा ने बताया कि ददरी मेला प्रबंधन के तहत झूला एवं प्रदर्शनी, पार्किंग, लकड़ी बाजार, वेंडर जोन और गदहा बाजार के लिए भूमि आवंटन की नीलामी की जाएगी। इसके लिए आमंत्रित निविदाएं 13 नवंबर को सुबह 11 बजे बलिया स्थित गंगा बहुउद्देशीय सभागार में खोली जाएंगी।
उन्होंने बताया कि नीलामी की पूरी प्रक्रिया जिलाधिकारी द्वारा गठित जिला स्तरीय नीलामी एवं टेंडर समिति की देखरेख में संपन्न होगी। इसमें समिति के सदस्यों के साथ मीडिया प्रतिनिधियों की मौजूदगी भी रहेगी।
प्रशासन ने नीलामी प्रक्रिया के सीधे प्रसारण के लिए संबंधित अधिकारियों को तकनीकी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन के यूट्यूब चैनल के माध्यम से इसका लाइव प्रसारण किया जाएगा। प्रशासन की इस पहल को ददरी मेले की नीलामी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



