आईजीआरएस में लापरवाही पर डीएम सख्त, नौ विभागों के अधिकारियों का वेतन रोकने के आदेश
बलिया। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को सीएम डैशबोर्ड एवं आईजीआरएस की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। शिकायतकर्ताओं से फीडबैक नहीं लेने वाले नौ विभागों के अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि आईजीआरएस शिकायतों पर फीडबैक 80 प्रतिशत से कम नहीं होना चाहिए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। दो विभागों में शिकायतकर्ताओं से संपर्क की प्रगति शून्य मिलने पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग द्वारा गलत निस्तारण आख्या अपलोड करने पर संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा।
सीएम डैशबोर्ड में जननी सुरक्षा योजना की रैंकिंग ‘सी’ तथा जल जीवन मिशन और फैमिली आईडी की रैंकिंग ‘बी’ मिलने पर अधिकारियों को रैंकिंग सुधारकर ‘ए’ श्रेणी में लाने के निर्देश दिए। डीएम ने चेतावनी दी कि जनशिकायतों और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

