सोते समय महिला का मंगलसूत्र काटकर चोरी, दो गिरफ्तार
बलिया। थाना भीमपुरा पुलिस ने घर में घुसकर सो रही महिला के गले से मंगलसूत्र काटकर चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का मंगलसूत्र का लॉकेट, लोहे का कटर और 630 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 23 अगस्त की रात चोर घर में घुसे और सो रही महिला के गले से मंगलसूत्र काटकर फरार हो गए थे। मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना भीमपुरा में मुकदमा अपराध संख्या 133/2026 के तहत धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।मामले की जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्य संकलन और मुखबिर की सूचना के आधार पर सोमवार को ग्राम नवपुरा के पास से भानु प्रताप चौहान पुत्र धर्मेन्द्र चौहान और अभिनास चौहान पुत्र संतोष चौहान, निवासी करौंदी थाना भीमपुरा, को गिरफ्तार कर लिया। इनके साथ एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस ने तलाशी के दौरान पीली धातु का मंगलसूत्र लॉकेट, एक लोहे का कटर और 630 रुपये बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) और 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया। वहीं, बाल अपचारी के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार और थानाध्यक्ष भीमपुरा रंजीत कुमार के नेतृत्व में की गई।

