ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा पर डीएम की पैनी नजर
बलिया। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत शुक्रवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने जनपद के ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने सातों विधानसभा क्षेत्रों के गोदामों में पहुंचकर सुरक्षा, निगरानी और अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति परखी।
डीएम ने 357-बेल्थरारोड (अ.जा.), 358-रसड़ा, 359-सिकंदरपुर, 360-फेफना, 361-बलिया नगर, 362-बांसडीह और 363-बैरिया विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।
सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने स्क्रीन की संख्या, निगरानी व्यवस्था और रिकॉर्डिंग की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लॉग बुक का भी अवलोकन किया और निर्देश दिया कि वेयरहाउस से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि का निर्धारित प्रक्रिया के तहत रिकॉर्ड रखा जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी व्यवस्थाएं भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, सीआरओ गुलशन जी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अख्तर हसन सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



