बलिया में 1000 बंदियों की क्षमता वाले नए जेल भवन का निर्माण जल्द
बलिया। जनपद में 1000 बंदियों की क्षमता वाले नए जेल भवन के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि जेल निर्माण से जुड़ी प्रमुख तैयारियां और बाधाएं दूर कर ली गई हैं। अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
प्रस्तावित नया जेल भवन बलिया-गड़वार मार्ग पर ग्राम नरायनपाली, खड़ीचा और घोसवटी में सड़क किनारे बनाया जाएगा। इसके लिए कुल 62 एकड़ भूमि की आवश्यकता है, जिसमें से अब तक 57 एकड़ भूमि की खरीद पूरी हो चुकी है।
जिलाधिकारी के अनुसार नया जेल भवन आधुनिक सुविधाओं और नई तकनीक से लैस होगा। भवन का निर्माण भूकंपरोधी तकनीक से कराया जाएगा। जेल परिसर में बंदियों की सुरक्षा, प्रबंधन और निगरानी के साथ आवश्यक तकनीकी सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
नए जेल भवन के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। भूमि संबंधी प्रक्रिया पूरी होने और प्रमुख बाधाएं दूर होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
नए जेल भवन के अस्तित्व में आने से जहां जनपद की जेल व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप मिलेगा, वहीं बंदियों को रखने की क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। अधिकारियों के मुताबिक अतिशीघ्र निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।



