तेरही में उमड़ा जनसैलाब, उमाशंकर सिंह को नम आंखों से दी श्रद्धांजलि
बलिया। रसड़ा के दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह की तेरही पर बुधवार को उनके पैतृक गांव खनवर में श्रद्धांजलि देने वालों का हुजूम उमड़ पड़ा। राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों ने पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई।
इसी क्रम में भाजपा नेता प्रवीण सिंह और अधिवक्ता एवं ह्यूमन राइट्स के यूपी ऑब्जर्वर संजीव कुमार बाबा ने खनवर पहुंचकर दिवंगत विधायक के पुत्र प्रिंस युकेश सिंह एवं उनके भाई रमेश सिंह से मुलाकात की। दोनों ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
प्रवीण सिंह ने कहा कि उमाशंकर सिंह का निधन केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे रसड़ा क्षेत्र की बड़ी क्षति है। वहीं संजीव कुमार बाबा ने कहा कि जनसेवा के क्षेत्र में उमाशंकर सिंह की भूमिका और लोगों से उनका जुड़ाव लंबे समय तक याद किया जाएगा।
तेरही स्थल पर दिनभर लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। हर किसी की आंखों में दिवंगत विधायक को खोने का दर्द और उनके प्रति सम्मान साफ नजर आया। शोकसभा में उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।