‘रूरल पैड गर्ल’ स्मृति सिंह की पहल, ग्रामीण बेटियों को मिला स्वच्छ पीरियड केयर का संदेश
बलिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्र की किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की दिशा में सामाजिक कार्यकर्ता स्मृति सिंह ‘रूरल पैड गर्ल’ ने एक और पहल की। रतसर कला में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में किशोरियों को पीरियड के दौरान स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी दी गई।
एवरटिन के सहयोग से रतसर कला के सरकारी स्कूल और रतसर इंटर कॉलेज की छात्राओं को निःशुल्क सैनिटरी पैड, पीरियड ट्रैकर और पीरियड कैलेंडर वितरित किए गए। साथ ही इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं का चिकित्सकों की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण भी किया।
कार्यक्रम में स्मृति सिंह ने कहा कि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के सामने आज भी मासिक धर्म से जुड़ी कई चुनौतियां हैं। झिझक और सामाजिक भ्रांतियों को खत्म कर बेटियों को सही जानकारी देना समय की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि कोई भी बेटी संसाधनों की कमी के कारण पढ़ाई या स्वास्थ्य से समझौता न करे, यही इस अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने सहयोग के लिए एवरटिन का आभार जताते हुए कहा कि ग्रामीण किशोरियों के बीच पीरियड हाइजीन को लेकर जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस दौरान रतसर इंटर कॉलेज के प्रबंधक मुक्तानंद सिंह, अक्सा फाउंडेशन की सचिव दीप्ति सिंह, सीएचसी रतसर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राकीब अख्तर, डॉ. आरके सिंह, डॉ. सोफिया तबस्सुम, पैन हेल्थ के रीजनल मैनेजर कल्याण नाथ सहित चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।



