बलिया बलिदान दिवस की तैयारियों को लेकर डीएम सख्त, 19 अगस्त को जिला कारागार से निकलेगी रैली
बलिया। जिले के ऐतिहासिक बलिया बलिदान दिवस को भव्य एवं गरिमापूर्ण तरीके से मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 19 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 19 अगस्त की सुबह 8 बजे जिला कारागार से बलिदान दिवस की रैली निकाली जाएगी। रैली को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियां समय से पूरी करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि बलिया बलिदान दिवस स्वतंत्रता संग्राम में जिले के वीर सेनानियों के अदम्य साहस और बलिदान की गौरवगाथा से जुड़ा महत्वपूर्ण दिन है। इसलिए कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने रैली के निर्धारित मार्ग पर साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सीआरओ गुलशन जी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



