15 अगस्त को लेकर बलिया में तैयारियां तेज, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
बलिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई, जिसमें स्वतंत्रता दिवस समारोह की रूपरेखा तय करते हुए अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
जिलाधिकारी ने बताया कि 15 अगस्त की सुबह 8 बजे जिले के सभी सरकारी कार्यालयों और गैर सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद सुबह 9:30 बजे चंद्रशेखर उद्यान में नोडल मंत्री एवं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ध्वजारोहण करेंगे।
शिक्षण संस्थानों में सुबह 10:15 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम आयोजित होंगे। विद्यालयों में ध्वजारोहण के बाद सामूहिक राष्ट्रगान कराया जाएगा। विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग बताए जाएंगे।
डीएम ने विद्यालयों में देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक, विचार गोष्ठी, वाद-विवाद, निबंध लेखन और प्रदर्शनी आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों में देश के प्रति जिम्मेदारी और राष्ट्रीय भावना को मजबूत करना है।
स्वतंत्रता दिवस पर जिला चिकित्सालय में सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक मरीजों को दूध एवं फल के पैकेट वितरित किए जाएंगे। वहीं राजकीय बालगृह (बालिका), निधरिया में फल, मिष्ठान और विशेष भोजन के पैकेट उपलब्ध कराए जाएंगे।
शाम 4 बजे बापू भवन (टाउनहॉल) में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। डीएम ने शहर की साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं तथा शहीद स्थल की विशेष सफाई कराने के निर्देश दिए। प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने को भी कहा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रम समय से शुरू हों और बेहतर समन्वय के साथ संपन्न कराए जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कार्यक्रम से पहले पूरी कर ली जाएं।
बैठक में एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सीआरओ गुलशन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



