बलिया में परिवार के खिलाफ पोस्टर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा युवक, 35 लाख रुपये हड़पने समेत लगाए गंभीर आरोप
बलिया। बांसडीह क्षेत्र के धनजी वर्मा ने अपने ही परिवार के सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है। युवक अपने हाथ में पोस्टर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।
धनजी का आरोप है कि उसके माता-पिता, भाई-बहनों, पत्नी और एक अन्य महिला ने मिलकर उसे लंबे समय से प्रताड़ित किया। उसने दावा किया कि उसकी शादी साजिश के तहत कराई गई और उसकी मेहनत की कमाई समेत करीब 30 से 35 लाख रुपये हड़प लिए गए।
युवक ने पुलिस पर शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। उसका कहना है कि न्याय के लिए वह लंबे समय से संघर्ष कर रहा है और मामले को लेकर न्यायालय का दरवाजा भी खटखटा चुका है।
धनजी ने कहा कि “मुझे मेरा हक चाहिए, मैं हार नहीं मानूंगा और न्याय लेकर रहूंगा।” उसने स्पष्ट किया कि उसकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि कथित पुलिस लापरवाही और न्याय न मिलने की व्यवस्था के खिलाफ है।
हालांकि, युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अब प्रशासनिक जांच और पुलिस कार्रवाई के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर साफ होगी।
