भीमपुरा में पुरानी रंजिश का खूनी खेल, गड़ासा लेकर हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार
बलिया। भीमपुरा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट और जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी भृगुनाथ शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल दाव/गड़ासा भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 8 अगस्त को मिली तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज और मारपीट के बाद वादिनी के पुत्र पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से हमला किया गया और धमकी दी गई।
मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुटी भीमपुरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर किडिहरापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास सुबह करीब 5:45 बजे भृगुनाथ शर्मा पुत्र राम अवध शर्मा, निवासी शाहपुर टिटिहा, को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त गड़ासा बरामद किया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।


