महिला की शिकायत पर कार्रवाई, छेड़खानी व मारपीट के आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बलिया। उभांव थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छेड़खानी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दिनेश पाठक के नेतृत्व में उभांव पुलिस टीम ने आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई को एक महिला ने थाना उभांव में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव अवाया निवासी पिन्टू राजभर उर्फ राजकुमार राजभर उसके घर में घुस आया और उसके साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 162/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जनपद में अभियान लगातार जारी है।


