थाने में पिटाई से मौत का आरोप, बवाल के बाद सड़क जाम परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर हत्या का लगाया आरोप, तहरीर देकर कार्रवाई की मांग
बलिया। रेवती थाना क्षेत्र के गायघाट गांव में एक व्यक्ति की मौत के बाद रविवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस उसे घर से पकड़कर थाने ले गई, जहां कथित पिटाई के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने पीडी इंटर कॉलेज चौराहे पर धरना-प्रदर्शन करते हुए रेवती-बलिया मार्ग जाम कर दिया।
मृतक काम जी के पुत्र विशाल ने रेवती थाने के पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। परिजनों का कहना है कि उनके परिजन को बिना किसी कारण घर से उठाकर थाने ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। बाद में उसकी मौत हो गई।
सड़क जाम की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी बैरिया, उपजिलाधिकारी बांसडीह समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
घटना को लेकर क्षेत्र में भारी तनाव बना रहा। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से आरोपों पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। मामले की जांच जारी है और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।



